कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 12 जनवरी 2026

मुर्दों की खेती

हमारा घर पुराना था
वैसे, घर हमारा कहाँ था!
किराये का था
फिर भी
हम उसे अपना मानते थे
चूहे, छिपकली, गौरेया, कीट-पतंगे भी
बरसों से
उसे अपना जानते थे।
 
एक बार वहाँ
बहुत चीटियाँ हो गईं
छोटी-बड़ी, लाल-काली
रुक-रुक कर रेंगने वाली
तपाक से डंक मारने वाली
सूजी में, शहद में
सब्ज़ी में, नमक में
उन्होंने मेरे टिफ़िन को भी नहीं छोड़ा
मैंने सिल से उठाया लोढ़ा
चींटी कुचलने को कमर कसी
तभी अम्मा चौके में आ घुसीं
ना, बेटा! चींटी को मत मारना
किसी का घर मत उजाड़ना
मैंने अम्मा की बात मानी
चींटी को बख़्श देने की ठानी।
 
उधर अम्मा गेहूँ धोकर
धूप में पसारती थीं
इधर गौरेया की पलटन को
ख़बर हो जाती थी
धूल में अनाज बिखर जाता था
अम्मा की मेहनत पर
पानी फिर जाता था
मैंने ख़रगोश के दरबे में दाना फैलाया
गौरेया का झुंड उसमें घुस आया
गर्व से अम्मा को बुलाया
देखो, इन्हें कैसा सबक सिखाया!
मौक़ा पाते ही फुर्र-से उड़ जाएँगी
तुम्हें और सताने दोबारा नहीं आएँगी।
 
अम्मा बोलीं, हाय राम
ये क्या किया!
निरीह पंछियों को क़ैद कर लिया?
देखा है, हमारे कुत्ते की रोटी
तोता अक्सर खा जाता है?
और, उसका पानी तो
ख़रगोश हमेशा गिरा जाता है
वह हमें देखता है पर उन्हें कुछ नहीं कहता
वह जानता है, साथ मिलकर कैसे जिया जाता है।
 
दीवार पर टँगी तस्वीर
की बड़ी-बड़ी आँखों से
अम्मा जब ताकती हैं
मुझे हँसी आ जाती है …
सिर्फ़ अम्मा ही गर्त में दफ़्न नहीं हुईं
उनका सिखाया भी
उनके साथ ही दफ़्न हो गया है
अब मजबूरी में जुर्म नहीं होते
अपराध आधुनिक शगल बन गया है
अम्मा, आप कीड़ों-परिंदों की भी सोचती थीं
पर हमने इंसानों के बारे में भी
सोचना बन्द कर दिया है
उजाड़ता है कोई ग़रीबों के छप्पर
किसी ने किसी देश को ग्रस लिया है।
 
फूल-पत्ते-पौधे हमें नहीं भाते हैं
हम मुर्दों की खेती करते हैं
मुर्दे उगाते हैं
मुर्दे पसंद हैं हमें
अपनी गली में
अपनी बस्ती, मुहल्ले, शहर में
हम एक नया रिवाज चला रहे हैं
हम मुर्दों का जहाँ बसा रहे हैं।

सोमवार, 7 जुलाई 2025

उसका क्या

 

दिल है रंजीदा, तो होने दो, उसका क्या!

घर है वीरान, तो होने दो, उसका क्या!

वादा करके भी तुम नहीं आते

हमने जो आस लगाई, उसका क्या?

 

सबकी दुनिया है अलग, जाने दो, उसका क्या!

सबका है दर्द अलग, होने दो, उसका क्या!

तुम तो कोई ग़ैर न थे, अपने थे

अब जो बेपरवा हुए, उसका क्या?

 

जान जानी है तो जाएगी, उसका क्या!

मौत आनी है तो आएगी, उसका क्या!

सबने छोड़ा, अब तुम भी चले जाते हो

तुम्हारी याद जो आएगी, उसका क्या?

गुरुवार, 6 फ़रवरी 2025

अकेली औरत

अकेली औरत
सामान्य पुरुष के लिए
गम की मानिंद होती है।
उसकी महक से तरोताज़ा होने
चुभलाकर उसका स्वाद लेने
और दाँतों के बीच उसे पीसने
के बाद
जब उसका रस निचुड़ जाता है
तो वह उसे
थूक देता है।

बुधवार, 7 अगस्त 2024

जुर्म

 लॉ कॉलेज के प्रांगण में

विद्यार्थी चर्चा कर रहे थे

कभी इस तो कभी उस धारा पर

कहर बरपा कर रहे थे

एक माली बड़ी देर से उन्हें देख रहा था

गंभीरता से कुछ सोच रहा था

अंत में वह हिचकता हुआ आया

अपना नाम बद्री सिंह पांडे बताया

माथा अंगोछे से पोंछा

धीरे से पूछा

ऐसे कौन-से दो जुर्म हैं जिनकी धारा नहीं है

अदालत में जिनके लिए सज़ा नहीं है

पर समाज जिनकी भरपूर सज़ा देता है

वह जुर्म जो ईश्वर की दया से होता है

लड़कों में सन्नाटा छा गया

ऐसा बेढब प्रश्न कहाँ से आ गया

फिर धीरे से एक लड़की बोली

पहला जुर्म मैं हूँ

और दूसरा मेरे पिता हैं

इस देश में लड़की होना या उसका बाप होना

दोनों गुनाह के समान हैं

दोनों अपमान झेलते हैं पर मुँह नहीं खोलते हैं

उनका मुँह तो तभी खुलता है

जब अंतिम बुलावा आता है

या सब्र का बाँध टूट जाता है

रिश्तेदार की तरक़्क़ी

 एक रिश्तेदार

मेरे द्वार

हर दूसरे दिन चला आता था

कुछ-न-कुछ माँग कर ले जाता था।

 

मुझे उस पर बहुत दया आई

और मैंने गुहार लगाई

प्रभु! इसका मुँह भाँड़ की तरह खुला रहता है

इसका घर मेरे घर से ही भरा करता है

कुछ ऐसा कीजिए न कि इसका घर भी भर जाए

और ये अब मेरे घर कुछ और माँगने न आए

 

मेरा माथा चकराया

जब रिश्तेदार दोबारा नहीं आया

क्या मेरी दुआ का असर हो गया?

यह जानने मैं ख़ुद उसके घर गया

 

वह मुझे देख दौड़ा आया

उसने मुझे जो कुछ बताया

उसे सुन कर मेरा दिमाग़ चकराया

 

उसका बेटा इतना अच्छा कमाने लग गया है

कि सब दुख-दर्द हवा हो गया है

वह फ़ॉरेन ट्रिप पर हो आया है

और एक बढ़िया सोसाइटी में थ्री बीएचके बुक कराया है

 

उसकी तरक़्क़ी पर मुझे बहुत दुख हुआ

मैंने जितना हो सकता था, ग़ुस्सा किया

मैं एक घंटा कुत्ते की तरह भौंका

उसने मुझे बिलकुल नहीं रोका

 

मेरी अंतरात्मा अब भी दुखी है

मेरा रिश्तेदार मुझसे ज़्यादा सुखी है

प्रभु! अब मेरी बात को सीरियसली मत लेना

मेरे रिश्तेदारों को मुझसे कभी ज़्यादा मत देना

गुरुवार, 1 अगस्त 2024

मॉडर्न दोहे

 

ओला ऊबर दोऊ खड़े, ड्राइवर कहीं न जाय

बलिहारी सरकार की, जो मेट्रो रही चलाय।

 

बुड्ढाड़ा बजार में, माँगे सबकी ख़ैर

मोटर-स्कूटर हैं बहुत, दब ना जाए पैर।

 

मोबाइल छीन के हाथ से, ले गए चोर उड़ाय

रोवन से कुछ होत ना, दूजा फ़ोन ही लायँ

 

पोथी पढ़ि-पढ़ि जग मुआ, पण्डित भया न कोय

व्हाट्स ऐप को जो पढे़, उसी की चरचा होय।

 

मित्रो बरगर खाइए, मन का आपा खोय

चूल्हा-चक्की से बचे, बच्चे भी ख़ुश होय।

 

मित्रो बकबक कीजिए, ऐसी जुगत लगाय

असली मुद्दे से सबका, ध्यान भटकता जाय

माँ, तुमने बहुत रुलाया है

माँ तुमने बहुत सताया है, माँ तुमने बहुत रुलाया है।

 

गोदी में था मैं, आँचल से तुमने माथा मेरा पोंछा था

मुझे निहारती मुस्काई थीं, फिर न जाने क्या सोचा था

एक उबासी ली थी मैंने, नींद में आँखें मूँदी थीं

चिल्ला कर जागा था, सपने में इक बिल्ली कूदी थी

शेर है तू, बिल्ली से डरता है!तुमने ललकारा था

कभी नहीं भूलूँगा माँ जो उस दिन रूप तुम्हारा था

 

बड़ा हुआ तो देखा, माँ, तुम औरों-जैसी ना थीं

स्कूल के बाक़ी बच्चों की तो कितनी सुंदर माँ थीं

उनके मँहगे कपड़ों से कितनी ख़ुश्बू आती थी

इंगलिश में गिटपिट करती थीं, गाड़ी में जाती थीं

तुम तो बस उस एक-ही कपड़े में अक्सर आती थीं

इंगलिश क्या, हिन्दी बातों से भी तुम सकुचाती थीं    

    

हुई पढ़ाई, मिली नौकरी, जब मैं घर पर आया

ख़ुशी से तुमने चूमा लेकिन नैन नीर भर आया

भगवान ने मेरी सुन ली,‘ धीरे से बोली थीं तुम

बाबूजी की फ़ोटो के आगे फिर रोई थीं तुम

रोना-धोना छोड़-भी माँ, पहली तनख़्वाह आने दे

ढेर लगा दूँगा तेरे आगे कपड़े-गहनों के

 

शान से बोला था मैं, ‘माँ, जब तू सज कर आएगी

तेरी सकुचाहट भी अपने-आप निकल जाएगी

क्या बतलाऊँ जब तू सादे कपड़ों में आती है

अपने पर और तुझ पर मुझको बड़ी शर्म आती है

कई बार तुझको ले कर यारों ने बड़ा चिढ़ाया है

तूने अनजाने में माँ मुझको बहुत सताया है

 

सन्न रह गई थीं तुम, कुछ देर तो कुछ न बोलीं

फिर अपराधी जैसे स्वर में तुमने गुत्थी खोली

हृदय फट गया ग्लानि से जब सारा क़िस्सा जाना

तेरी तपस्या के आगे हर दर्द हुआ बचकाना

अपनी नासमझी पर मुझको उस दिन रोना आया

भाग्यवान हैं वो जिन पर रहता है माँ का साया

 

समझ गईं तुम मेरी हालत, बोलीं, ‘ये क्या पगले?

आज का दिन है बड़ी ख़ुशी का, आज तो जी भर हँस ले

मैं क्या पशुओं की भी माँ, बच्चों की ख़ातिर जीती है

यही जगत् का सच है बेटा, यही जगत् की रीति है

माँ से लिपट गया मैं, बोला सब तूने सच बतलाया है 

माँ मैंने बहुत सताया है, माँ मैंने बहुत रुलाया है।

हैप्पी दीवाली

                                     सुबह-सुबह इक झपकी आयी, फिर इक सपना आया

सपने में जो कुछ दीखा वह हमको इक न भाया

हमको इक न भाया, भाता भी तो कैसे

दृश्य हमारे सपने के थे हॉरर फ़िल्मों जैसे

 

घुप्प अँधेरे जंगल में हम राहें खोज रहे थे

बदहवास था हाल, खुपड़िया नोच रहे थे

चमगादड़ थे कहीं लपकते और कहीं कंकाल

घबराहट के मारे भैया बुरा था अपना हाल

 

बुरा था अपना हाल, न था कुछ समझ में आता

सिर्फ़ अँधेरा ही होता तो शायद कम घबराता

पर यहाँ तो जैसे कोई छाती पर बैठा जाता था

साँसें नहीं, हमारे अन्दर सिर्फ़ धुआँ आता था

 

तभी भयानक उस जंगल में कुछ प्रकाश-सा आया

हुआ भयंकर शोर एक, हम समझे परलय आया

भालू-चीता-हाथी-बन्दर सभी जानवर भागे

एक गधे के पीछे थे हम, वह था थोड़ा आगे

 

पस्त हो गई हालत जल्दी, जलते थे दोनों पहलू

ठोकर खा कर गिरे, तो देखा शाख के ऊपर उल्लू

शाख के ऊपर के उल्लू ने किया हमें हैरान -

’’सचमुच, उल्लू ही है! इसको नहीं प्रलय का ज्ञान

 

’’रत्ती-भर भी अक़्ल जो होती तो यह भी उड़ जाता

’’दूर गगन की ऊँचाई में अपने प्राण बचाता’’

इसी तरह हम तरस थे खाते उल्लू की बुद्धि पर

तभी वो बोला, ’’देख, एक तो हूँ मैं ड्यूटी पर

 

’’दूजे, परलय नहीं है, ये हड़कम्प मचा है

’’बम-फोड़ू दीवाली का तो यही मज़ा है!’’

उल्लू के ड्यूटी पर होने से मैं थोड़ा चकराया

वर्दी देखी उसकी तो फिर अपनी समझ में आया

 

बड़े अक्षरों में लिखा था लक्ष्मी की सेवा में

होंगे देवी के दर्शन! - हम बैठ गये आशा में

हाथ जोड़ कर पूछा हमने ’’कहाँ तुम्हारा है पैसेंजर’’

बोला उल्लू ’’अभी तो मैडम खड़ी हुई थीं उसी मोड़ पर’’

 

उसी मोड़ पर किया ग़ौर तो दिखी हमें इक कंकालिन

गहने तो पहने थे लेकिन काया थी उसकी बड़ी मलिन

मुँह के ऊपर जड़ा मास्क था, कानों में थे ईयर प्लग

ग्लास चढ़ा था आँखों पर, चलती थी वह डगमग-डगमग

 

विश्वास न होता था लक्ष्मी की ऐसी हालत होगी

हमने सोचा शायद माताजी डायटिंग पर होंगी

नए ज़माने में देवी भी तो मॉडर्न ही होंगी

यही सोच कर शेक-हैण्ड की हमने युक्ति सोची

 

हाथ मिलाया देवी ने, बोलीं ’’हाँ, मिस्टर वर्मा?

’’मिस्टर ही कहलाते हैं अब भल्ला हों या शर्मा

’’’श्रीका स्वर अब देश में अपने देता नहीं सुनाई

’’क्यों श्रीकी आशा करते हो व्यर्थ में मेरे भाई

 

’’पुस्तक पढ़ कर ज्ञान-प्राप्ति कर लेना फिर से सीखो

’’व्हाट्स ऐप और ट्विटर के अंधे जाल में यूँ न उलझो

’’त्योहारों के नाम पे क्यों इतनी बारूद उड़ाते हो

’’पूजा करते हो या मृत्यु का कर्कश बिगुल बजाते हो

 

’’फाड़े कान के पर्दे और आँखों से ज्योति छीनी

’’दमे और दिल के रोगी की कैसी हालत कीन्ही

’’नासमझी में मानव ऐसे कब तक प्राण गवाँएगा

’’लाभ नहीं होगा बेटा कुछ, सर्वनाश हो जाएगा’’

 

सिहर गये हम सोते-सोते, सपना अपना टूटा

होश उड़ गये जब कमरे में ज़ोरों से बम फूटा

गली में कोई चिल्लाया ’’अंकल, हैप्पी दीवाली’’

                                      डरे-डरे से हम बोले, ’’बेटा, हैप्पी दीवाली’’