रेडियो स्क्रिप्ट लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रेडियो स्क्रिप्ट लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 29 जून 2026

होली

 

पुराने दस्तावेज़ों के बीच मिलीं फ़िल्मी गीतों को पिरोतीं चार अत्यधिक लोकप्रिय स्क्रिप्ट में से ’हवा’, ’बरसात’ और ’शाम’ पिछले सप्ताह आपकी नज़र हो चुकी हैं। आज पेश है वह स्क्रिप्ट जो 18 मार्च, 2003 को प्रसारित हुई थी। आज की स्क्रिप्ट में गीतों का स्थान रिक्त है, ताकि आप अपनी पसन्द का उपयुक्त गाना वहाँ रख सकें।

 

होली

(प्रसारण अवधि 44 मिनट, प्रसारण समय संध्या पाँच के बाद और आठ बजे से पहले)

 

(गुनगुनाते हुए) यूँ तो हमने लाख हँसी देखे हैं, तुमसा नहीं देखा! … अजी, चौंकिए नहीं, ये गीत हम आप ही के लिए गुनगुना रहे हैं। ज़रा ग़ौर कीजिए, आज कितनी बार रंग से सराबोर हुए, कितनी बार दूसरों को भिगोया, रंग कभी आँखों में घुसा तो कभी कानों में, पर मानना पड़ेगा! थक कर चूर होने की बजाय आप खिसक आए हैं रेडियो के क़रीब। ये चाहत ही तो है आपकी जो हमें बार-बार खींच लाती है आपके पास और जिसकी वजह से होली के इस होली-होली ऐटमस्फ़ीयर में हम हो लिए हैं आपके साथ ‘शीर्षक संगीत’ के चंद नग़मे और ढेर सारी बधाइयाँ लेकर। आज तो, भाई, होली पर ही गीत बजते रहने चाहिएँ। क्यों, क्या ख़याल है?

 

गीत 1:

होली के हुड़दंग से भला कौन बच सका है? हमने ऐसे बहुत से महारथी देखे हैं जो महीना-भर पहले ढिंढोरा पीटते हैं कि वे होली नहीं खेलेंगे, पर होली के दिन दोपहर बारह बजते-न-बजते रंगों में ऐसे सने-पुते नज़र आते हैं कि पहचान में ही नहीं आते। एक कान हरा तो दूसरा लाल, दाँत काले तो बाल जामुनी! ऐसे टेक्नीकलर बन जाते हैं कि ईंट से घिस-घिस कर रंग छुड़ाया जाए तो भी शायद एक सप्ताह तो गुज़र ही जाए उनकी असली रंगत नुमायाँ होने में। और, तन से भले ही छूट जाए, मन से कहाँ मिट पाता है होली का रंग!

गीत 2:

एक बात सच-सच बताइएगा! आज आपने किस-किसके साथ होली खेली? मेरा मतलब है, मौक़ा देखकर कहीं किसी ख़ास के साथ छुप कर तो होली नहीं खेली? अरे, शरमाइए नहीं, घबराइए भी नहीं, हम किसी को बताने थोड़े-ही जा रहे हैं! बस, आपकी चोरी पकड़ रहे थे और पकड़ भी ली! चलिए, माफ़ किया इस गीत के साथ।

गीत 3:

अरे, आपका चुपके से होली खेलनेवाला राज़ क्या खोल दिया, आप तो एक्स्ट्रा लाल हो गए! चलिए, आप भी क्या याद करेंगे, हम भी अपना एक राज़ ज़ाहिर किए देते हैं सिर्फ़ आपके आगे। वैसे तो हम डायटिंग करते हैं, रोज़ अपना वज़न तौलते हैं, पर आज पता नहीं कौन-सा कीड़ा काट गया कि हमने सुबह से इतने सारे पापड़, गुझिया, चिप्स, दही बड़े, गुलाब जामुन और मालपुए खा डाले हैं कि भूखी भैंस भी शर्मा कर, रंभा कर, और खाने से इन्कार कर देती। लेकिन हम नहीं माने। आप से बतियाने से पहले दो गिलास ठंडई और ढाल आए हैं कि गला तर रहे। अब अगर आपने ठंडई नहीं पी तो हम क्या करें? चलिए, ये गाना सुन लीजिए। इसमें भी ठंडई का मज़ा है।

गीत 4:

आज लोगों का होली खेलने का अलग-अलग स्टाइल देखने को मिला। कोई बड़ी मेहनत से टेसू के फूलों का रंग निकाल रहा था तो कोई मेंहदी घोल रहा था, किसी का दिल एनामेल पेन्ट पर क़ुर्बान हो रहा था तो कोई विशुद्ध कीचड़ का प्रयोग कर धन्य हो रहा था। अब हमें ये तो नहीं पता कि होली खेलने का आपका स्टाइल कौन-सा है, पर हमारा स्टाइल भी बड़ा स्पेशल था। बताएँ? अच्छा, बताते हैं। हमने सिर पर शावर कैप पहना, चेहरे और हाथों पर लोटा-भर सरसों का तेल मला, और ढेर सारा सूखा रंग रख दिया टेबिल फ़ैन के आगे। जैसे ही कोई पास आता, हम चुपके से फ़ैन चला देते, और रंग की परत ऐसे चढ़ जाती कि स्प्रे पेंट करनेवाले भी दंग रह जाएँ। आज का दिन तो गुज़र गया लेकिन देखिए, होली कल भी है। इस समझदारी से खेलिएगा कि भीगनेवाले के मुँह से वाह निकले, आह नहीं। 

गीत 5:

आप भी हैरान होंगे, आज हमें हो क्या गया है! क्या करें, होली का माहौल ही ऐसा है। लेकिन होली में इतना बावला भी नहीं होना चाहिए कि होश ही गुम हो जाएँ। न ही इतना भीगना-भिगोना चाहिए कि बुख़ार चढ़ जाए। अब देखिए न, इन्हीं दिनों आसपास इधर-उधर रिंकी-पिंकी, चुन्नू-मुन्नू, सबके इम्तहान भी तो चल रहे हैं! होली तो हर साल आएगी, पर इस साल का इम्तहान दोबारा देने की नौबत नहीं आनी चाहिए। पर्चा ऐसे मज़े में निकलना चाहिए जैसे मज़े में ये गाना गाया जा रहा है।  

गीत 6:

भला देखिए तो, आधे घण्टे से ज़्यादा हो गया आपकी कम्पनी में और पता ही नहीं चला! ये तो अच्छा हुआ कि मच्छर उड़ाने के चक्कर में घड़ी पर नज़र पड़ गई वरना हम न जाने कब तक बकर-बकर करते रहते। आज शाम कितने सारे लोग घर आने वाले हैं, हमको कितने लोगों से मिलने जाना है, गिले-शिक़वे भुला कर मुस्कुराहटें बिखेरनी हैं। तो चलें? बस ये वायदा लिए जा रहे हैं कि आप भी आज से सिर्फ़ मुस्कुराहटें बिखेरेंगे, शिक़वे भुला देंगे, और याद रखेंगे आज की ये शाम जिसे आपकी [नाम] ने सजाया था कुछ बेहतरीन नग़मों से। फ़िल्में थीं …..। और जाते-जाते नज़र करते हैं फ़िल्म … का यह गीत 

गीत 7:


शुक्रवार, 26 जून 2026

 


पुराने दस्तावेज़ों के बीच मिलीं चार अत्यधिक लोकप्रिय स्क्रिप्ट के बारे में पिछली बार बताया था। फ़िल्मी गीतों को पिरोती ये स्क्रिप्ट मैंने आकाशवाणी के सहयोगियों के लिए बारह-तेरह साल पहले लिखी थीं। श्रोताओं ने इन्हें दोबारा सुनाने का अनुरोध कई-कई बार किया था। ‘हवा’ और ‘बरसात’ पर आधारित स्क्रिप्ट से आप वाक़िफ़ हैं। आज पेश है ‘शाम’ पर स्क्रिप्ट। ‘होली’ पर आधारित स्क्रिप्ट आगे पेश होगी। इन्हें पढ़िए और बताइए, क्या आपका चुनाव भी उन्हीं गीतों का होता जो हमने आकाशवाणी में उपलब्धता के कारण किया था, या आपकी पसन्द कुछ और है? एक बात और, स्क्रिप्ट का एक भी शे‘र मेरा नहीं है। प्रोग्राम पेश करनेवाले तारतम्य भंग होने के डर से शायरों का नाम नहीं बताते, और मेरे नोट्स ग़ायब हो चुके हैं। अगर आप शायरों के नाम बता सकें, तो मेहरबानी होगी।

शाम

(प्रसारण अवधि 29 मिनट, प्रसारण समय रात नौ के बाद और ग्यारह बजे से पहले)

मुझे पूछने का हक़ दे कि ये एहतिमान [रवायत] क्यों है?

मेरे साथ प्यास क्यों है, तेरे पास जाम क्यों है?

जिसे मेरी तीरा-बख़्ती [बदनसीबी] से फ़रोग [चमक] मिल रहा था

वही सुबह पूछती है, मेरे घर में शाम क्यों है?

शाम साँवली से काली होकर रात बन चुकी है। सैंकड़ों-हज़ारों सितारे उसकी माँग में झिलमिला उठे हैं। ऐसे में आप हैं, हैं ’सदाबहार दस नग़मे’, और मैं, [नाम]! लेकिन हमारे साथ कुछ ऐसा भी है जिसका ज़िक़्र लबों तक पहुँचने से पहले-ही सहम कर ख़ामोश हो जाता है।

गीतः ये शाम की तनहाइयाँ ऐसे में तेरा ग़म, लता मंगेशकर, आह

उनके ग़म की टीस का कोई मुक़ाबला नहीं। जब वो पास होते थे, सारा ज़माना ख़ुद-ब-ख़ुद दूर हो जाता था।

ख़ुदा जाने तुम्हारे नाम से कैसी मुहब्बत है

किसी का नाम लेता हूँ, तुम्हारा नाम आता है

गीतः फिर वही शाम, वही ग़म, वही तनहाई है, तलत महमूद, जहाँआरा

दर्द में डूबा फ़साना चाहिए

और सुनने को ज़माना चाहिए

दोस्त-दुश्मन सब अयादत [मिज़ाजपुर्सी] कर चुके

वो न आए जिनको आना चाहिए

 

गीतः लो आ गई उनकी याद, वो नहीं आए, लता मंगेशकर, दिल एक मन्दिर

अब्र [बादलों] में छुप रहा है चाँद

चाँदनी छन रही है शाख़ों से

जैसे खिड़की का आधा पट खोले

झाँकता हो कोई सलाखों से

गीतः तुम पुकार लो, तुम्हारा इन्तज़ार है, हेमन्त कुमार, ख़ामोशी

नक़ाब तुमने जो उलटा है मुस्कुरा के कभी

फ़लक [आसमान] के चाँद-सितारों को शर्म आई है

गीतः चौदहवीं का चाँद हो, मुहम्म्द रफ़ी, चौदहवीं का चाँद

’सदाबहार दस नग़मे’ आपकी ख़िदमत में पेश कर रही है, आपकी [नाम] ।

गीतः ये रात ये चाँदनी फिर कहाँ, हेमन्त कुमार - लता मंगेशकर, जाल

सहारा ढूँढ़ लाया हूँ मैं ज़िन्दगी के लिए

इक अजनबी की ज़रूरत है, अजनबी के लिए

बुरा न मानो तो मैं तुमसे एक बात कहूँ

तुम्हारी मुझे ज़रूरत है ज़िन्दगी के लिए

गीतः फैली हुई हैं सपनों की बाहें आजा चल दें कहीं दूर, लता मंगेशकर, घर नम्बर 44

कहकशाँ [तारामण्डल] रस्ते-रस्ते बिखर जाएगी

चाँदनी मेरे आँगन उतर जाएगी

आज आने का वादा है, आएँगे वो

आज झोली मुरादों की भर जाएगी

 

गीतः तुम आए तो आया मुझे याद गली में आज चाँद निकला, अलका याग्निक, ज़ख़्म

 

वो आएँगे और चाँदनी रात होगी

न ये बात होगी, न वो बात होगी

कटी उम्र सारी इसी कश्मकश में

अगर वो मिलेंगे तो क्या बात होगी

 

गीतः तेरा मेरा प्यार अमर, फिर क्यों मुझको लगता है डर, लता मंगेशकर, असली-नक़ली

 

शायद ये सच है कि हर किसी के पास दिलक़श अंदाज़े-बयाँ नहीं होता, पुरअसर आवाज़ नहीं होती, लेकिन

ये बात और है कि पत्थर में न ढल सकें लेकिन

हर जवाँ दिल में कई ताजमहल होते हैं

तो रुख़सत होती है [नाम] इस वायदे के साथ

 

गीतः जो वादा किया हो, निभाना पड़ेगा, मुहम्मद रफ़ी - लता मंगेशकर, ताजमहल

बरसात

 


पुराने दस्तावेज़ों के बीच मिलीं चार अत्यधिक लोकप्रिय स्क्रिप्ट के बारे में पिछली बार बताया था। फ़िल्मी गीतों को पिरोतीं  ये स्क्रिप्ट मैंने आकाशवाणी के सहयोगियों के लिए बारह-तेरह साल पहले लिखी थीं। श्रोताओं ने इन्हें दोबारा सुनाने का अनुरोध कई-कई बार किया था। ‘हवा’ पर आधारित पहली स्क्रिप्ट से आप वाक़िफ़ हैं। आज पेश है ‘बरसात’ पर स्क्रिप्ट। ‘शाम’ और ‘होली’ पर आधारित तीसरी और चौथी स्क्रिप्ट आगे पेश होंगी। इन्हें पढ़िए और बताइए, क्या आपका चुनाव भी उन्हीं गीतों का होता जो हमने आकाशवाणी में उपलब्धता के कारण किया था, या आपकी पसन्द कुछ और है?

बरसात

(प्रसारण अवधि 29 मिनट, प्रसारण समय रात साढ़े नौ के बाद और ग्यारह बजे से पहले)      

गर्मी का मौसम विदा लेने को है। काली घटाओं की चिलमन से झाँक रही हैं वर्षा रानी। वर्षा रानी, तो बस, वर्षा रानी हैं! उनके आने का अंदाज़ सबसे जुदा है। वो किसी नई-नवेली, शर्माती-सकुचाती, दुल्हन-जैसी हौले-हौले पग धरती नहीं आतीं। वो तो आती हैं बिजली की आँखें-चुँधियाती चमक, मेघों की दिल-दहलाती गरज, और मदमस्त पवन के तेज़-तूफ़ानी झोंकों के साथ और कर जाती हैं सराबोर, बस, पहली-ही मुलाक़ात में। कोई उस अंदाज़ से घबराता है तो घबराता रहे! आपके-मेरे इसरार पर भी पवन कहाँ मद्धिम करेगी अपनी रफ़्तार!

गीतः कारी बदरिया मारे लहरिया, लता मंगेशकर, आदमी     

तपती धरती को सींचने से पहले-ही बरसात की पहली बूँद अक्सर उड़ जाती है भाप बन कर। जैसे किसी यतीम की तरफ़ बढ़ा ममता-भरा हाथ यकायक वापस खींच लिया गया हो। उस हाथ का तो, बस, इंतज़ार ही रह जाता है। किसी बाग़ीचे में पेड़ की शाखों से बँधे झूले में झूल कर देखिए, ये इंतज़ार कितना खलता है! ठंडी सबा तक नागवार लगने लगती है बदन को।

गीतः सावन के झूले पड़े हैं, लता मंगेशकर, जुर्माना

बरसात में बाग़ीचे और खेत ही हरे-भरे नहीं हो जाते, विसाले-यार की तड़प भी बुलंदियाँ छूने लगती है। दिल के जज़बात मुख़्तलिफ़ अंदाज़ में बयाँ होने लगते हैं। अब देखिए न, उनका साथ, भीगी रात, मदमाती हवा, प्यारा-सा चंदा, बेहोश-सी कलियाँ—ये भी कोई वक़्त हुआ जीवन की उस अनजानी कमी के ज़िक्र का?

गीतः ये रात भीगी-भीगी, मन्ना डे - लता मंगेशकर, चोरी चोरी

किसी-भी दिलचस्प शख़्सियत से मुलाक़ात लम्बे अरसे तक ज़ेहन में बसी रहती है, है न? ओर अगर वो शख़्सियत इतनी हसीन हो कि पानी की बूँदें उसके फूल-से नाज़ुक गालों पर ठहरने को मचला करें, उसकी रेशमी ज़ुल्फ़ों से मोती की तरह ढलका करें! उफ़्फ़! वैसी मुलाक़ात तो ज़िंदगी-भर नहीं भुलाई जा सकती।

गीतः ज़िंदगी-भर नहीं भूलेगी, मुहम्मद रफ़ी, बरसात की रात

उन्हें भुलाना आपके लिए नामुमकिन है, उधर वो भी आप-ही के ख़यालों में बेचैन हैं। भूलना-भुलाना कैसा? अब तो जब-जब बरसात आएगी, तन के साथ ही भीगा करेगा बेचारा मन। बरसात प्यार का संदेश जो लाएगी! हर बरसात के साथ वह मीठी-सी पहली मुलाक़ात याद आनी ही है अब। संकोच छोड़िए, कह डालिए दिल की वो बात जो होठों तक आकर ठहर जाती है।

गीतः रिमझिम के तराने ले के, मुहम्मद रफ़ी - गीता दत्त, काला बाज़ार

इश्क़ और मुश्क छुपाए नहीं छुपते। आपके शर्माने, सकुचाने ने ही फ़ाश कर दिया न आपकी मुहब्बत का राज़! चलिए, अच्छा ही हुआ। अब अगर आपके वो आपसे जुदा होना भी चाहें, तो आप और हमराज़ मिलकर उन्हें रोक सकते हैं इस प्यार-भरी मनुहार से।   

गीतः बरसात में, लता मंगेशकर और साथी, बरसात

हमें उम्मीद है, बल्कि यक़ीन है, आपने उन्हें रोक भी लिया होगा और उन्हें हर ग़म, हर तक़लीफ़ से महफ़ूज़ रखने की भी ठान ली होगी। अब उस आलम में देर नहीं, जब घटाओं के गरजने और बिजली के चमकने पर वे बड़ी मासूमियत से आपके पास सिमट आएँगे। 

गीतः बादल यूँ गरजता है, लता मंगेशकर और शब्बीर कुमार, बेताब  

बुधवार, 24 जून 2026

हवा


आलमारी में दस्तावेज़ तलाश करते हुए आज कुछ ऐसा हाथ आ गया जिसमें आपकी भी दिलचस्पी होगी—चार स्क्रिप्ट जो मैंने आकाशवाणी के सहयोगियों के लिए लिखी थीं। बारह-तेरह साल पहले फ़िल्मी गीतों को पिरोती ये स्क्रिप्ट इतनी लोकप्रिय हुईं कि श्रोताओं ने इन्हें दोबारा सुनाने का अनुरोध कई-कई बार किया था। पहली स्क्रिप्ट ‘हवा’ पर आधारित थी, दूसरी ‘बरसात’ पर, तीसरी ‘शाम’ पर, और चौथी का आधार है ‘होली’। पहली स्क्रिप्ट प्रस्तुत है नीचे, शेष आगे पेश होंगी। इन्हें पढ़िए और बताइए, क्या आपका चुनाव भी उन्हीं गीतों का होता जो हमने आकाशवाणी में उपलब्धता के कारण किया था, या आपकी पसन्द कुछ और है?

हवा

(प्रसारण अवधि 29 मिनट, प्रसारण समय रात साढ़े नौ के बाद और ग्यारह बजे से पहले)

गर्मी की उमस-भरी दोपहर, लू के थपेड़े, पसीना, ज़िन्दगी की जिद्दोजहद, और उस जिद्दोजिहद में थका इन्सान! इस आपाधापी का, सच मानिए, एक अलग लुत्फ़ है। देखिए, इसमें आप-हम ही नहीं थकते! सूरज भी थक जाता है अपने ताप से, और जा छिपता है रात के आग़ोश में। सूरज की जगह ले लेते हैं ढेर सारे टिमटिमाते तारे। बस, ज़रा-सा इंतज़ार और करिए-पुरवाई का झोंका आते ही छत पर बिछी सफ़ेद चादर ठंडी लगने लगेगी।

गीतः दिल ढूँढ़ता है, भूपेन्द्र, मौसम

सच, गर्मी में पुरवाई रिसते घाव पर मरहम से कम सुकून नहीं देती! आज कहाँ है किसी के पास इतना समय कि आपके पास आकर बैठे, दो बातें कहे, दो बातें पूछे, और आपके लड़खड़ाते क़दमों को सहारा दे? ऐसे में, इस पुरवाई को सहेली बना लेने को जी चाहता है।

गीतः सुन री पवन, लता मंगेशकर, अनुराग

जीवन एक परीक्षा ही तो है! इस परीक्षा में, कभी-न-कभी, हम बिलकुल तनहा होते हैं। उस दौरान जाने अनजाने बन जाते हैं और हम अपनों के बीच बेगाने हो जाते हैं। जैसे, अपने-ही देश में परदेसी हो गए हों। अगर आप भी ऐसे-ही हालात से गुज़र रहे हैं, तो परेशान न हों! कोई आपका नहीं, तो न सही। लिख भेजिए हवा पर एक सलाम-शायद आपका मीत मिल जाए! 

गीतः हवाओं पे लिख दो, किशोर कुमार, दो दूनी चार   

तो आपका पैग़ाम पहुँच ही गया उनके पास, जिन्हें आप बेताबी से तलाश रहे थे! चलिए, आपका ग़म बाँटनेवाला कोई तो मिला। मीत को ग़म से संजीदा तो कर लिया, अब अपनी ख़ुशियों से सराबोर भी तो कीजिए! ऐसा करिए, उन्हें ले जाइए ऐसी जगह जहाँ वो हों, आप हों, ख़ुश्बू हो, और हो ठंडी-ठंडी हवा, ताकि आपदोनों सारे ग़म भुलाकर बहक उठें।

गीतः बलमा खुली हवा में, आशा भोंसले, कश्मीर की कली

वैसे, ठंडी हवा बरसात में और भी मदमाती हो जाती है। बहकना बन्द कर ख़ामोशी से सुनिए इस प्रीत-भरी रात की सदा, जिसमें है झींगुरों की चीकी-मीकी और एक प्यार-भरा संदेश, जो हवा दे रही है।

गीतः आजा रिमझिम के ये प्यारे-प्यारे गीत लिए, लता मंगेशकर - तलत महमूद, उसने कहा था

कितना प्यारा होता है वो अहसास जब कोई आपका बन जाता है, सिर्फ़ आपका। छोटी-से-छोटी ख़ुशी और बड़े-से-बड़े दर्द में उसका साथ जिंदगी को हसीन बना देता है। बहार आ जाती है सूने जीवन में। जी चाहता है, उस पर सबकुछ निसार दें।

गीतः ये हवा ये रात ये चाँदनी, तलत महमूद, संगदिल

दुख, दर्द, ख़ुशी, प्यार, मुहब्बत—जीवन का चक्र नहीं थमता । एक के बाद एक नए रंग आते हैं और पुराने मिट जाते हैं। जो मिलता है, बिछुड़ता ज़रूर है एक दिन। आँखों में आँसू की लकीर छोड़कर, अपनी याद छोड़कर! बस, रह जाती है हवा में उसकी महक। हम कहते ही रह जाते हैं, अभी तो आए थे, ऐसी भी क्या जल्दी है जाने की? 

गीतः अभी न जाओ छोड़कर, मुहम्म्द रफ़ी, आशा भोंसले, हम दोनों