बुधवार, 18 नवंबर 2026

मेरा प्यार तुम्हें मरने नहीं देगा!

“तुम्हारी तबीयत ठीक है?”

मैं फ़ोन पर अपने बेटे अद्भुत से उसका हाल पूछ रहा था। दसेक दिन पहले वह अपनी पत्नी आशा और बच्चों के साथ भारत से दुबई लौटा था। मैं और महिषी भी दुबई में ही थे, अपनी बेटी मानसी के घर। वह पहली बार माँ जो बनी थी! बड़ा प्यारा-सा बेटा था उसका। सौम्य के होंठ टुस-टुस लाल थे, गोरा-चिट्टा रंग पिता सुवास पर पड़ा था, और बदन मानसी-जैसा इकहरा था।

वर्ष 2021 के उस मार्च के महीने में कितनी उथल-पुथल हो रही थी! समूचा भारत कोविड-19 का दूसरा प्रकोप झेलने को मजबूर हो चुका था। गए साल उस भयंकर बीमारी की चपेट में आए लाखों हँसते-खेलते जीवन एक झटके में काल की भेंट चढ़ गए थे, करोड़ों घर तबाह हो गए थे। दूध का जला छाछ भी फूँक-फूँक कर पीता है, फिर यह तो जानलेवा महामारी थी—संयुक्त अरब अमीरात में कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए गए थे। मास्क का इस्तेमाल, डॉक्टरी जाँच, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों और वाहनों में रोक-टोक के अलावा दवा की ख़रीदारी करनेवालों पर नज़र भी रखी जा रही थी, उनके बारे में जानकारी दर्ज की जा रही थी।

गनीमत थी कि मेरा परिवार तब तक सही सलामत बचा हुआ था। अक़्लमंदी इसी में थी कि आदमी घर की चहारदीवारी न लांघे, ग़ैरों से सम्पर्क न करे; लेकिन कभी-न-कभी कोई ज़रूरत बाहर निकलने पर मजबूर कर ही देती थी। भले ही अद्भुत और उसका परिवार जिस हवाई जहाज़ में आए उसमें सारे यात्री जाँच में बेदाग़ साबित होने पर ही चढ़े होंगे, सफ़र के दौरान भी सबने मास्क लगाए रखा होगा, लेकिन हवाई जहाज़ से उतरने के बाद इमीग्रेशन चेक की क़तार, फिर सामान लेने के लिए बेल्ट के पास जमा झुंड, उसके बाद टैक्सी की क़तार—इन सबके गिर्द बीमारी के कीटाणु बिलकुल नहीं होंगे, दावे से नहीं कहा जा सकता था।

दो-तीन दिन पहले सौम्य की छठी पर उन्हें स्वस्थ-सानंद देखकर महिषी को और मुझे कितनी शांति मिली थी, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। वे भी सौम्य को देखकर बहुत ख़ुश थे, और मीरा तथा वेदिका तो बल्लियों उछल रही थीं। लग ही नहीं रहा था जैसे वे सिर्फ़ बीस दिनों के लिए हमसे अलग हुई थीं।

ख़ैर! दो दिन बाद उनसे बात हुई तो आशा ने बताया कि छठी के बाद शायद देर रात वापस लौटने की वजह से अद्भुत और दोनों बेटियों को ठंड लग गई थी। तीनों का गला खसखसा रहा था, तीनों को हरारत महसूस हो रही थी और एकाध की नाक भी बह रही थी। यही वजह थी कि अगली सुबह ही मैं अद्भुत से मुख़ातिब हो गया था।

“हाँ!” मेरे सवाल का उसने छोटा-सा जवाब दिया था।

उसकी आवाज़ सामान्य से अधिक भारी थी, उसमें ज़ुकामी-पुट था, और उसका अंदाज़ कुछ अलग था। बच्चे अपने विचार भले ही माँ-बाप से बड़ी कुशलता से छुपा लें, पर अपना स्वास्थ्य और मनोदशा नहीं छुपा सकते। दोनों को उनकी गतिविधियों का आभास उनके जन्म से पहले से ही होने लगता है। बच्चा भूखा है, दूर बैठी माँ समझ जाती है। वह किसी परेशानी में है, पिता को अहसास हो जाता है। बच्चा उनके अस्तित्व का अंग बना ही रहता है, चाहे चालीस साल ही क्यों न गुज़र जाएँ। उस अंग का मोह ज़िन्दगीभर नहीं छूटता।

मुझे लगा कि अद्भुत जो बता रहा है, उसकी हालत उससे ठीक उल्टी है। लेकिन कहता कैसे? अब वह पाँच साल का शिशु नहीं रहा था जो मुझे सिर्फ़ इसी बात से बहुत बलवान और साहसी समझ लेता था कि मैं रास्ते में उसे आवारा गायों और कुत्तों से बचा लिया करता था और पार्क में गेंद को दूर फेंक पाता था। अब वह दस-बारह साल का बच्चा भी नहीं था जो रेस्त्राँ में उसका मनपसंद भोजन ऑर्डर करता था और उसके होमवर्क की मुश्किलें सुलझा दिया करता था। बड़ा होते-होते वह समझ गया था कि मैं वैसा कोई सुपरहीरो था ही नहीं जिसकी हर बात सही हो और उसे मानना ज़रूरी हो। ऊपर से, बढ़ती उम्र के साथ कर्कश होती आवाज़, धूमिल पड़ती स्मृति, जर्जर होती श्रवणशक्ति, आधुनिक चलन से अनभिज्ञता, और ढलता हुआ शरीर मुझे ऐसे व्यक्ति में तब्दील कर रहे थे जिसे जवान लोग कभी-कभी सिर्फ़ शिष्टता निभाने की मजबूरी में बर्दाश्त किया करते थे।

मैंने फ़ोन महिषी को पकड़ाया। उसने बात शुरू तो हँसते-मुस्कुराते की, लेकिन जल्दी-ही उसका चेहरा गंभीर हो गया। दो-चार मिनट में कॉल ख़त्म कर उसने कहा, “उन लोगों का दुबई एयरपोर्ट पर भी कोविड टेस्ट हुआ था। रिज़ल्ट नेगेटिव था। फिर तीन दिन के क्वारंटाइन के बाद वह दफ़्तर जाने लगा था, यहाँ भी आया था। ठीक तो था उस समय! पता नहीं कहाँ से छूत लग गई। आशा कह रही है कि उसके सारे सिम्पटम्स कोविड के हैं। थकावट, तेज़ बुख़ार, पानी के स्वाद में फ़र्क, अचानक पसीना-पसीना हो जाना, वगैरह। आफ़िस जाना बन्द कर दिया है उसने, पर घर से भी काम नहीं कर पा रहा।“

उसकी आवाज़ में घबराहट साफ़ झलक रही थी। मेरे कलेजे में जैसे ठंडी तलवार उतर गई। स्वस्थ होने के बावजूद मुझे कँपकँपी छूट गई, सबकुछ धुँधला-सा दिखने लगा, सीने में कुछ बैठ-सा गया, और ज़बान को जैसे लकवा मार गया। महिषी मुझे विस्फारित नेत्रों से ताकती रही, उसकी दशा भी मुझसे बहुत अलग नहीं थी।

मैं बुदबुदाया, “और बाक़ी सब?”

वह बोली, “मीरा और वेदिका को भी कभी बुख़ार आ रहा है, कभी पसीना छूट रहा है, नाक तो बह ही रही है। आशा का भी गला खसखसाने लगा है। फ़्लू-टाइप का हो गया है। कल उसे ड्रिप लगी थी। परेशान है बेचारी।“

फ़्लू या कोविड-19? दोनों बीमारियों के प्रारंभिक लक्षण में फ़र्क कहाँ होता है? अब क्या होगा? क्या करें?– मैं परेशान हो गया।

(क्रमशः)
 

कोई टिप्पणी नहीं: