बुधवार, 18 नवंबर 2026

मेरा प्यार तुम्हें मरने नहीं देगा! – भाग 3

 

सुबह हुई। पता चला, अद्भुत की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट देर रात ही उसके फ़ोन पर आ गई थी। रिपोर्ट पॉज़िटिव थी। कैसी विलक्षण रिपोर्ट थी, जिसके नकारात्मक होने पर मरीज़ को चैन मिलता था, और सकारात्मक होने पर उत्कंठा होती थी। मेरा सोचना ग़लत नहीं था! कोविड दस्तक दे चुका था। मौत का परवाना कभी भी हम में से किसी के भी नाम आ सकता था।

अद्भुत की तबीयत और ख़राब लग रही थी लेकिन उसके माथे पर शिकन तक न थी। आशा की हालत भी और ख़राब हो गई थी। उसे भी वे सभी परेशानियाँ झेलनी पड़ रही थीं जो अद्भुत झेल रहा था। तय हुआ कि वह अस्पताल जाकर डॉक्टर से परामर्श करेगी और लौटते हुए दवाएँ भी लेती आएगी। उसे अकेले जाते देख कर ख़राब लगा, लेकिन मैं कर भी क्या सकता था?

दो घंटे बाद उसने फ़ोन किया। उसका टेस्ट हो गया था, नतीजा अढ़तालीस घंटों में आने का अनुमान था। डॉक्टर को अंदेशा था कि आशा को भी कोविड होने की पूरी गुंजाइश थी, लेकिन बुज़ुर्ग होने के कारण संक्रमित होने का, तथा बीमारी होने पर सबसे ज़्यादा नुकसान होने का ख़तरा मुझे ही था। डॉक्टर ने अद्भुत के लिए दवाएँ बता दी थीं, और आशा को आगाह किया था कि मुझे जल्दी-से-जल्दी घर से बाहर किसी अकेली जगह में क्वारंटाइन कर टेस्ट करवाना चाहिए। उसके घर लौटते ही मुझे चले जाना चाहिए, आशा का आग्रह था।

बेचारी आशा! वह तीन बीमारों को सम्भालेगी, ख़ुद का ख़याल रखेगी, या सबके लिए खाना बनाएगी? मैंने जैसे-तैसे दिन और रात के इस्तेमाल के लायक सब्ज़ी बना दी, रोटियाँ सेंक दीं, और सोचने लगा, कल इनका क्या होगा। बाप-माँ ही तो बच्चों की रक्षा करते हैं, लेकिन मैं कायर उन्हें मौत के मुँह में असहाय छोड़ कर पलायन कर रहा था। अरे, मैं ज़िंदा बच भी गया तो कितने साल और जी लूँगा? और उनके बिना जी कर भी क्या कर लूँगा? बच्चों की ज़िदगी मेरी ज़िंदगी से कहीं ज़्यादा महत्वपूर्ण थी। ग्लानि से मेरा हृदय फटने लगा। मैं अद्भुत के पास गया। वह लैपटॉप खोले बैठा था। पता नहीं फिर उसे देख पाऊँगा या नहीं! उसे सबसे पहले मैंने ही गोद में लिया था। मेरा पहला बच्चा था वह! बचपन में कैसे मेरे साथ सटा रहता था, हँसता, खेलता, गाता, नाचता था! नौकरी मिलने के बाद कैसे मेरे लिए ढेर सारी छोटी-बड़ी चीज़ों के तोहफ़े लाकर चुपके-चुपके मेरा मुँह ताकता था, देखता था कि मैं ख़ुश हुआ या नहीं।

उसके पास बैठते ही मैं अपने को रोक नहीं पाया, फूट-फूट कर रो दिया। “बेटा! मैं तुम लोगों को छोड़ कर नहीं जाना चाहता।“

“इमोशनल नहीं होते! डॉक्टर की बात मानिये।“ उसने मुझे ऐसे ढाँढस बँधाया जैसे वह मेरा बेटा नहीं, बाप हो।

“लेकिन तुम लोग? तुम तो चारों ही बीमार हो।“

“हम चारों एक-दूसरे का ख़याल रख लेंगे।“ उसने दृढ़ता से कहा। मैं उसका मुँह ताकता रहा। मैं उसकी छवि मन में बसा लेना चाहता था।

थोड़ी देर में आशा घर लौट आई। उसने अद्भुत से हँसते हुए कहा, “गुड न्यूज़ मिल गया? अब मेरा कल मिलेगा!” फिर मुझसे बोली, “पापा! हम सब जवान हैं, एक्सरसाइज़ करते हैं, हमारी इम्यूनिटी स्ट्रॉन्ग है। हम कोविड को फ़ेस करने में आपसे ज़्यादा केपेबल हैं। आपके साथ वैसा नहीं है। इसलिए डॉक्टर ने सख़्ती से कहा है कि आप यहाँ न रहें।“

अद्भुत बोला, “सुवास को बता दिया है। वो घर के पास के होटल में बुकिंग कर देगा। होटल के पास ही हॉस्पिटल में टेस्ट करवा लीजिएगा। फ़ॉटीएट आर्स में रिज़ल्ट आ जाएगा।“

मैं उन दोनों को विस्फारित नेत्रों से ताकता रहा। जवानी और बुढ़ापे में इतना फ़र्क होता है क्या? ये ऐसी गम्भीर घड़ी में अपने को कितनी शालीनता से सम्भाले हुए हैं, और मैं?

“पैसे हैं आपके पास?” अद्भुत ने पूछा, और जवाब का इंतज़ार किए बिना उसने ढेर सारे दिरहम मेरी ओर बढ़ा दिए, “कैब-राइड और टेस्ट में काम आएँगे।“

मैंने बच्चों को प्यार किया, आशा को बाय किया, और अद्भुत की ओर देखा। उसने आगे बढ़ कर मुझे गले लगा लिया। आशा हँसी, “अरे, कोविड पॉज़िटिव हो, थोड़ी दूर रहो! हम सब फिर मिलेंगे, पापा!”

मैंने होटल पहुँचते ही टेस्ट करवाया। मेरी हरारत ने रात होते-होते बुख़ार का रूप ले लिया। अगले दिन आशा ने सुना तो हँसी, “अगर कुछ ऐसी-वैसी बात हुई तो सरकारी क्वारंटाइन की बजाय यहीं आ जाइएगा। जैसे दो, वैसे तीन!” उसके कोविड संक्रमण की पुष्टि हो चुकी थी।

आते-जाते बुख़ार और हरारत के बावजूद मेरे टेस्ट का नतीजा नकारात्मक निकला। मैं मानसी के घर वापस आ गया। आशा-अद्भुत की तबीयत ठीक होने में कई दिन लगे। उस दौरान सुवास कई बार उनका खाना अपने घर पकवाता, अद्भुत के घर के नीचे गाड़ी खड़ी करता, और मैं उनके द्वार खाने का पार्सल रख घंटी बजा कर फुर्ती से छिप जाता। दरवाज़ा खुलता, वे चारों ओर देखते, मुस्कुराते, और पार्सल लेकर अंदर चले जाते। मैं ख़ुश हो जाता।

पता नहीं, आशा-अद्भुत के मेरे अलग रहने के आग्रह ने मेरी जान बचा ली या महिषी के प्यार ने हम सबको सुरक्षित रखा। हमारा बचना ऐसे चमत्कार से कम नहीं जिसकी गुत्थी कभी नहीं सुलझ सकती। लेकिन एक और सवाल मेरे ज़ेहन में बराबर कौंधता है, और उसका जवाब मैं नहीं दे पाता। सुवास अद्भुत के घर जाने पर क्यों अड़ गया, वह वहाँ ख़ुद क्यों खाना ले जाता रहा, और सब कुछ जानते-बूझते हुए भी मानसी ने सुवास को क्यों नहीं रोका। आपकी क्या राय है?


कोई टिप्पणी नहीं: