बुधवार, 18 नवंबर 2026

मेरा प्यार तुम्हें मरने नहीं देगा! – भाग 2


महिषी ने मेरे मन की बात ताड़ ली। बोली, “मैं तो मानसी-सौम्य की देखभाल में लगी हूँ। तुम चले जाओ वहाँ।“

“लेकिन कोविड के माहौल में जाकर आऊँगा तो तुम सब भी ख़तरे में पड़ जाओगे।“

“जब तक वे लोग ठीक न हो जाएँ, वापस मत आना।“ उसे दृढ़ विश्वास था कि अद्भुत और उसके परिवार को सामान्य फ़्लू ही हुआ था, और तीन-चार दिनों में सब ठीक होने लगेंगे।

“ठीक है। खाना खाकर टैक्सी से चला जाऊँगा। मेरे कपड़े-वपड़े एक बैग में रख देना।“

“पापा कहाँ जा रहे हैं?” सुवास ने कमरे में घुसते हुए पूछा। वह नहा कर अभी निकला था।

पूरी रामकहानी सुनते ही सुवास ने कहा, “टैक्सी से क्यों जाएँगे, मैं छोड़ दूँगा! जब घर में अपनी गाड़ी है, तो महामारी के दौर में टैक्सी क्यों लेंगे?”

“बाहर जाना रिस्की हो सकता है। फिर सौम्य तो अभी एक महीने का भी नहीं हुआ, उसकी इम्युनिटी तो ज़ीरो है अभी।“ हमने प्रतिवाद किया।

“बन्द गाड़ी में जाना है, बन्द गाड़ी में आना है। रिस्क कैसी? आप इतना न सोचें। मैं चलूँगा।“ सुवास ने ज़ोर दिया।

पैंतालीस मिनट की उस यात्रा के दौरान मेरा मन तरह-तरह की दुराशंका से काँपता रहा—अगर उन्हें फ़्लू नहीं, कोविड हुआ हो, तो? हम पाँचों में किसका क्या हश्र होगा फिर? कौन बचेगा, कौन ज़िन्दगी-भर के लिए कमज़ोर हो जाएगा, और कौन …--उससे आगे मैं सोच ही नहीं पाता था।

आख़िर हम अद्भुत के घर से लगती सड़क पर पहुँच गए। सुवास ने गाड़ी रोकी। मैं उतर कर उसे धन्यवाद देने ही वाला था कि उसने मुझे चौंका दिया, “अब इतना पास आ गया हूँ, तो एकबार मिल ही लेता हूँ!’’

“नहीं-नहीं, ऐसा मत करिये! अगर इन्फ़ेक्शन लग गया तो?”

“कुछ नहीं होगा। मैं दूर से बात करूँगा। गाड़ी पार्क करके आता हूँ।“ और मेरे उत्तर की प्रतीक्षा किए बग़ैर सुवास मेरे साथ हो लिया। मैं हैरान था! ऐसा बिलकुल नहीं था कि सुवास को कोविड के ख़तरे का एहसास न हो। पाँच महीने पहले हमारे दुबई आगमन पर सुवास ने ही क्वारंटाइन के दो दिन हमें हॉलिडे इन में ठहराया था। मानसी तथा सौम्य की सेहत का पूरा ख़याल था उसे, मानसी पर काम का ज़्यादा बोझ नहीं पड़ने देता था वह।

मैं आगे कुछ सोच पाता उससे पहले लिफ़्ट अद्भुत के फ़्लोर पर रुक गई। अंदर पहुँच कर विश्वास ही नहीं हुआ कि वह वही घर था जो दो महीने पहले चमकता रहता था, जहाँ बच्चों की किलकारियों में ज़िंदगी कुलाँचे भरती थी, जहाँ आनंद की ख़ुश्बू-सी फैली रहती थी, जहाँ पौधों की हरियाली मन को शांति देती थी। सोफ़ा-टेबिल-कुशन-खिलौने सब तितर-बितर थे। फ़र्श पर  जहाँ-तहाँ गंदगी बिखरी थी। दो-दो शैंडेलियर रौशन होने के बावजूद घर में अँधेरा था। आशा बातें तो आत्मविश्वास के साथ कर रही थी, पर उसके हृदय की व्याकुलता स्पष्ट थी। अद्भुत के शरीर से बुख़ार की गंध भभक रही थी। वेदिका के नाक का स्राव उसके गालों पर चिपका हुआ था। मीरा का मुँह उतरा हुआ था। यमराज के दूत ने उस घर को अपनी ज़द में ले लिया था, उस बारे में किसी शुबहे की गुंजाइश न बची थी। मैं उस बात के लिए हर्गिज़ तैयार नहीं था कि मानसी के घर पर भी उसकी नज़र पड़े। मैंने सुवास को दस मिनट से ज़्यादा बैठने न दिया।

सुवास के जाने के बाद मैं उस बेड रूम में गया जिसे महिषी और मैं इस्तेमाल किया करते थे। देखा, उसे अद्भुत ने अपने वर्क-फ़्रॉम-होम और सोने का कक्ष बना लिया था। उफ़्, क्या हालत हो गई थी उस कमरे की! चार-बाई-सात फ़ीट की खिड़की होने के बावजूद उसमें अँधेरा छहला रहा था। हल्की पीली दीवारों पर जगह-जगह काली-हरी पेंसिल से लिखी मीरा की इबारतें कब्र पर जड़े पत्थरों पर लिखे संदेशों की मानिंद मनहूस लग रही थीं। मेरा बदन एक अनजानी अप्रिय आशंका से गनगना गया। मैं वहाँ दो-चार मिनट से ज़्यादा ठहर न सका, ड्रॉइंग रूम में वापस आ गया। मीरा और वेदिका हमेशा की तरह मेरी पीठ पर चढ़ कर, मेरे गालों से गाल सटा कर, और मेरे कानों में फुसफुसा कर खेलने की कोशिश करने लगीं, लेकिन वैसे हर प्रयत्न में उनकी अस्वस्थता, उनके गालों की तपिश, साँस लेने में उनके फेफड़ों का संघर्ष साफ़ ज़ाहिर हो जाता था। आशा बार-बार उन्हें मुझसे अलग रहने की ताकीद करती, पर बच्चे तो बच्चे होते हैं। वे कहाँ माननेवाली थीं? वैसे भी, उस बन्द कमरे की हवा में इतनी देर रह चुकने के बाद मेरा संक्रमण से बचे रहना नामुमकिन था।

उस दिन महिषी फ़ोन पर मैसेज से रह-रह कर सबका हाल पूछती रही। मेरा मन और भी उदास हो गया। आख़िर मैंने लिख ही दिया, “यहाँ जो हालात हैं, उन्हें देखते हुए बीमारी से बचना नामुमकिन है। कौन कितना खींच पाता है, उसकी तक़दीर के हिसाब से हो ही जाएगा। अब अगर तुमसे मिलना न हो सके, तो भी तुम्हारे अब तक के साथ के लिए हमेशा शुक्रगुज़ार रहूँगा।“

उसने तुरन्त जवाब भेजा, “मेरा प्यार तुम्हें मरने नहीं देगा। तुम सब सही-सलामत बच जाओगे।“

मैंने उसके संदेश को बार-बार पढ़ा। कोविड में रातों-रात जान चली जाने के बारे पढ़ा-सुना था। हर मरनेवाले को कभी-न-कभी, किसी-न-किसी ने तो प्यार किया ही होगा। उन्हें मरने से कहाँ बचा पाया प्यार? न! जो होना है, वह तो होकर रहेगा। मैं रात भर करवटें बदलता रहा।

(क्रमशः)

कोई टिप्पणी नहीं: